महोबा में उत्तर प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा और सुशासन के 8 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर महोबा पुलिस ने विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने रैली और विशेष कैंप के माध्यम से जनजागरूकता अभियान भी चलाया है।एएसपी वंदना सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर दीपक दुबे ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में मिशन शक्ति अभियान की महिला पुलिसकर्मियों ने कार और स्कूटी पर मार्च करते हुए महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090 की जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के तरीके भी बताए। यूपी 112 की पुलिस टीम ने आपातकालीन स्थिति में डायल 112 के उपयोग के बारे में जागरूक किया। वहीं, साइबर पुलिस टीम ने साइबर क्राइम से बचाव के उपाय और हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी। इसके अलावा, पुलिस ने "ऑपरेशन दृष्टि" के तहत जिले में लगे सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता के बारे में भी लोगों को अवगत कराया। साथ ही इस मैके पर राठ चुंगी इलाके में पुलिस ने एक विशेष सड़क सुरक्षा कैंप का आयोजन किया। एएसपी वंदना सिंह ने फीता काटकर कैंप का उद्घाटन किया। कैंप में बिना हेलमेट वाहन चला रहे 51 चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। पुलिस कर्मियों ने सड़क सुरक्षा जागरूकता पंपलेट भी बांटे और सभी को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह और क्षेत्राधिकारी दीपक दुबे ने स्वयं वाहन चालकों को हेलमेट पहनाकर सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया। उन्होंने चालकों को दुर्घटनाओं से बचाव के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का भी निर्देश दिया, जिससे रात में वाहन स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकें। इस अभियान में मिशन शक्ति, यूपी 112, महिला पीआरवी और अग्निशमन टीम सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल हुआ। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने में मदद करते हैं। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की।
0 Comments
please do not enter any spam link in the comment box www.ctm24.com