Subscribe Us

header ads

महोबा में आदमखोर लकड़बग्घे का कहर, चरवाहे पर जानलेवा हमला, रेस्क्यू के दौरान वनकर्मी भी गंभीर घायल



एक आदमखोर लकड़बग्घे ने पूरे इलाके में दहशत फैला रखी है। कबरई थाना क्षेत्र के गंज गांव में जंगल में बकरी चराने गए एक ग्रामीण चरवाहे पर लकड़बग्घे ने अचानक हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। हालत इतनी गंभीर है कि चरवाहे को हायर सेंटर रेफर करना पड़ा है।

इतना ही नहीं, लकड़बग्घे को पकड़ने पहुंची वन विभाग की टीम पर भी हमला हुआ है, जिसमें एक प्राइवेट वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल वन विभाग की टीम इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है। महोबा के कबरई इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब गंज गांव के जंगल में बकरी चराने गए ग्रामीण चरवाहे बोरा पर घात लगाए बैठे लकड़बग्घे ने अचानक हमला कर दिया। लकड़बग्घे ने चरवाहे को बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। चरवाहे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसकी जान बचाते हुए जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गांव से सटे जंगल में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद लकड़बग्घे को घेर लिया, लेकिन रेस्क्यू के दौरान अचानक स्थिति बेकाबू हो गई। रेस्क्यू में शामिल प्राइवेट वनकर्मी प्रमोद कुमार ने लकड़बग्घे को काबू में करने की कोशिश की और उस पर कवर डाल दिया, लेकिन खूंखार लकड़बग्घे ने कवर फाड़ते हुए प्रमोद पर हमला कर दिया। लकड़बग्घे ने अपने जबड़ों से प्रमोद को जकड़ लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौजूद अन्य वनकर्मियों ने किसी तरह लाठियों और शोर-शराबे के जरिए प्रमोद को लकड़बग्घे के चंगुल से छुड़ाया। घायल वनकर्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह आदमखोर लकड़बग्घा पिछले कई दिनों से इलाके में देखा जा रहा था, जिसकी सूचना पहले भी वन विभाग को दी गई थी। लगातार हो रहे हमलों से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।

रेस्क्यू के दौरान वनकर्मी के घायल होने के बाद विभाग की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल वन विभाग की टीम लकड़बग्घे की तलाश में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर सुरेश कुमार के अनुसार, घायल चरवाहे को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है, जबकि घायल वनकर्मी का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

Post a Comment

0 Comments